स्कूल में चोरी, चार बोरी चावल और दो गैस सिलेंडर ले गए चोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

नीमडीह, 08 अक्टूबर : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पितकी में बुधवार की देर रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मिड-डे मील किचन से चार बोरी चावल, दो गैस सिलेंडर और बर्तन ले गए। वहीं, स्कूल कार्यालय में रखे लैपटॉप, टैब और म्यूजिक सिस्टम को चोरों ने नहीं छुआ।

गुरुवार सुबह सहायक शिक्षिका ऑलिव धनवार स्कूल पहुंचीं तो मुख्य गेट, कार्यालय और किचन रूम के ताले टूटे मिले। इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन को दी गई। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान सह विद्यालय अध्यक्ष गौरी शंकर सिंह ने भी स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान मुख्य गेट के पास एक गैस सिलेंडर बोरे में बंधा हुआ मिला, जबकि कार्यालय की तीन अलमारियां खुली थीं।

प्रधानाध्यापक शिवराम गोप ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी की घटना रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुई है। घटना की लिखित सूचना बीआरसी नीमडीह और नीमडीह थाना को दे दी गई है।

चोरी की घटना से स्कूल में पढ़ने वाले करीब 125 बच्चों के मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई। हालांकि, स्कूल प्रबंधन की ओर से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर बच्चों के लिए मिड-डे मील चालू रखने की बात कही गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, पितकी गांव में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और स्कूल में चोरी की यह दूसरी घटना है। विद्यालय परिसर में लगातार दूसरी बार चोरी होने से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article