जमशेदपुर : टेल्को में जमीन कब्ज़ा विवाद – 85 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, थाना प्रभारी पर पक्षपात का आरोप

जमशेदपुर, 21 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को थाना क्षेत्र में जमीन कब्ज़े को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्ज़े की साज़िश कर रहे लोगों ने न केवल उनके घर पर हमला किया, बल्कि 85 वर्षीय श्याग्रस्त बुजुर्ग जय नारायण ओझा को जानलेवा तरीके से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, पूरे मामले में टेल्को थाना प्रभारी पर भी अभियुक्तों को बचाने और तिथि–समय से छेड़छाड़ कर गलत एफआईआर दर्ज करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

बुजुर्ग को लाठी-डंडे से पीटा, सीसीटीवी में कैद घटना
पीड़ित सुनील कुमार ओझा (वरिष्ठ अधिवक्ता) ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि 5 अगस्त की शाम करीब 6:34 बजे उनके 85 वर्षीय पिता जय नारायण ओझा घर के सामने व्हीलचेयर पर बैठे थे। तभी पड़ोस के मण्डल परिवार के कई सदस्य – गोरे मण्डल, निराला मण्डल, अशोक मण्डल, झण्डू मण्डल और अन्य – लाठी, डंडा और सरिया लेकर पहुँचे। आरोप है कि झगड़े के दौरान बप्पा मण्डल और अन्य ने उनके पिता का गला दबाया और सिर-मुँह पर वार किया, जिससे वे अधमरे हालत में ज़ख्मी हो गए। सुनील ओझा ने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उन्होंने फुटेज पुलिस को भी उपलब्ध कराया है।
प्रतिशोध में झूठा केस दर्ज कराने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि हमले के बाद उल्टा मण्डल परिवार की ओर से उनके खिलाफ टेल्को थाना कांड संख्या 74/2025 दर्ज करा दिया गया, जिसमें रंगदारी माँगने, छेड़छाड़ और गाली-गलौज जैसे आरोप लगाए गए हैं। इसे पीड़ित पक्ष ने “प्रतिशोधात्मक झूठी प्राथमिकी” बताया है।
पुलिस पर पक्षपात का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने उनकी शिकायत को दबा दिया और एफआईआर दर्ज करने में जानबूझकर देरी की। बाद में जब केस दर्ज हुआ तो उसमें घटना की तिथि और समय को बदल दिया गया।
प्राथमिकी में घटना 5 अगस्त शाम 6:34 बजे से 6 अगस्त दोपहर 3:30 बजे तक बताई गई, जबकि वास्तविक घटना केवल 5 अगस्त को हुई थी।
थाने में दी गई सूचना 5 अगस्त रात 8 बजे दर्ज हुई थी, लेकिन प्राथमिकी में इसे 6 अगस्त दोपहर 3:30 बजे दर्शाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने अभियुक्तों को बचाने के लिए जानबूझकर तिथि और समय से छेड़छाड़ की और सरकारी जमीन पर कब्ज़े की साज़िश को रोकने के बजाय संरक्षण दिया।
पुलिस महानिदेशक से की शिकायत
शिकायतकर्ता वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील ओझा ने पुलिस महानिदेशक से निवेदन किया है कि –टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार की भूमिका की उच्चस्तरीय जाँच कर विभागीय व दंडात्मक कार्रवाई हो। दर्ज प्राथमिकी संख्या 73/2025 को सही तथ्यों के आधार पर दुरुस्त कर न्यायोचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। 85 वर्षीय बुजुर्ग जय नारायण ओझा की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मण्डल परिवार द्वारा की जा रही भूमि अतिक्रमण की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई हो। थाना स्तर से चल रहे “सरकारी भूमि अतिक्रमण माफिया – थाना प्रभारी गठजोड़” की भी स्वतंत्र जाँच करवाई जाए।
पीड़ित परिवार ने कहा कि कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं।



