जमशेदपुर : डेढ़ साल से अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा, JNAC में दस्तावेज लेकर पहुंचा पीड़ित परिवार
जमशेदपुर, 09 जून : पति की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के सहारे परिवार के भरण-पोषण की उम्मीद लगाए बैठी एक महिला पिछले डेढ़ वर्ष से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। पोटका प्रखंड निवासी गौरी बारले ने अपने पुत्र कुमार बारले की अनुकंपा नियुक्ति को लेकर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) एवं संबंधित विभागों से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को गौरी बारले अपने पुत्र तथा झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ आवश्यक दस्तावेजों के मूल प्रमाण पत्र लेकर जेएनएसी कार्यालय पहुंचीं। परिवार का आरोप है कि विभाग द्वारा मांगे गए जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, शपथ पत्र और शैक्षणिक योग्यता संबंधी सभी दस्तावेज समय पर जमा कर दिए गए हैं, इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
कुमार बारले ने कहा कि उनके पिता की मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। अनुकंपा नियुक्ति ही परिवार के लिए रोजगार और स्थायी आय का प्रमुख सहारा है। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।
इधर, विभागीय पत्राचार के अनुसार अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत चल रही है तथा आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं की जांच के बाद ही मामले को आगे बढ़ाया जाएगा। हाल ही में जारी पत्र में अभ्यर्थी को मूल प्रमाण पत्रों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश भी दिया गया था।
दस्तावेजों से यह भी स्पष्ट होता है कि मामला जिला अनुकंपा समिति की बैठक में विचाराधीन रहा है। ऐसे में अंतिम निर्णय समिति एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के स्तर पर लिया जाना है।
जेएनएसी कार्यालय पहुंचने के दौरान झामुमो महिला जिला अध्यक्ष बारी मुर्मू, उज्ज्वल दास, कुमार बास्के, संतोष हो और सूरज गौड़ भी मौजूद रहे। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मामले का शीघ्र निष्पादन कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।