
स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने से मरम्मत में परेशानी, दूसरे फीडर से कपाली में बिजली बहाल करने का प्रयास
चांडिल, 29 अक्टूबर : बीती रात हुई भारी बारिश के कारण चांडिल के कांदरबेड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का खंभा उखड़कर गिर गया। इससे कपाली, पटमदा समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है, लेकिन घटनास्थल तक भारी मशीनें पहुंचाने में परेशानी के कारण बहाली में देरी हो रही है।
घटना की सूचना पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो और एसडीओ कालीनाथ मुंडा मौके पर पहुंचे और जल्द आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। अधिकारियों के अनुसार, स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने और खंभा जड़ से उखड़ जाने के कारण हाइड्रा समेत अन्य भारी मशीनों को घटनास्थल तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। नदी किनारे पहुंचने के लिए उपयुक्त रास्ता नहीं होने से मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है।
एसडीओ कालीनाथ मुंडा ने बताया कि विभाग तेजी से मरम्मत कार्य करा रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे फीडर से कपाली में बिजली आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने करीब एक घंटे के भीतर कपाली में बिजली बहाल करने की कोशिश की बात कही। वहीं, विभाग को उम्मीद है कि मरम्मत पूरी होने के बाद शाम तक आपूर्ति सामान्य हो सकती है।
इधर, सूत्रों के अनुसार, जमशेदपुर से पटमदा की ओर जाने वाली बिजली आपूर्ति बहाल होने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कपाली क्षेत्र में फिलहाल आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।



