‘संपूर्णता अभियान’ में पूर्वी सिंहभूम को मिला नीति आयोग का सिल्वर मेडल, टाउन हॉल में हुआ सम्मान समारोह

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

‘संपूर्णता अभियान’ में पूर्वी सिंहभूम को मिला नीति आयोग का सिल्वर मेडल, टाउन हॉल में हुआ सम्मान समारोह

जमशेदपुर, 01 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिला और इसके मुसाबनी प्रखंड को नीति आयोग द्वारा ‘संपूर्णता अभियान’ के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में टाउन हॉल, सिदगोड़ा में एक सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में चयनित पदाधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम ने पांच मुख्य सूचकों— गर्भवती एवं धात्री माताओं के बीच पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण, बच्चों का टीकाकरण, माध्यमिक विद्यालयों में विद्युतीकरण, सरकारी स्कूलों में समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण में पूर्णता (सैचुरेशन) प्राप्त कर यह सम्मान अर्जित किया है।

इसी प्रकार, मुसाबनी प्रखंड को गर्भवती माताओं की एएनसी जांच, पोषाहार वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड, डायबिटीज और हाइपरटेंशन स्क्रीनिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।

फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी मिली सराहना

इस अवसर पर मुसाबनी की बीडीओ अदिति गुप्ता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अन्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों— बहरागोड़ा के बीडीओ केशव भारती, जमशेदपुर सदर के सुमित प्रकाश, बोड़ाम के किकू महतो, घाटशिला की यूनिका शर्मा के साथ-साथ पिरामल फाउंडेशन के फेलोज और जिले भर के 110 से अधिक फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

सैचुरेशन कोई अंत नहीं, सतत प्रक्रिया है: उपायुक्त

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा, “सैचुरेशन कोई स्थिर अवस्था नहीं, बल्कि एक निरंतर प्रक्रिया है। हमारी यह जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र व्यक्ति एक दिन की भी देरी के बिना लाभान्वित हो।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ काम करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रशासन का हर लाभ, हर योग्य नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्हें व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, एनईपी निदेशक संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीआईओ किशोर प्रसाद और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव समेत कई बीडीओ, सीओ और जिला कर्मी उपस्थित रहे।

Share This Article