सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, सिर पर चोट के निशान – हत्या की आशंका
रांची, 01 जुलाई : राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर सड़क किनारे मंगलवार देर रात लगभग 30 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक ने शर्ट और पैंट पहन रखी थी। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को प्रतापपुर सड़क किनारे लाकर फेंक दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शव लगभग तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।