कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से सुधा–बन्ना की मुलाकात, विकास और जनसेवा पर हुई चर्चा

रांची/जमशेदपुर, 10 मार्च : मानगो नगर निगम की नव-निर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान खड़गे ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें हालिया चुनावी जीत की बधाई दी।
मुलाकात के दौरान मानगो नगर निगम क्षेत्र के विकास, शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। खासतौर पर स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा गरीब, वंचित और आम जनता के हितों की रक्षा करने वाली रही है। उन्होंने मेयर सुधा गुप्ता को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए कांग्रेस की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मेयर सुधा गुप्ता ने इस मुलाकात को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व का मार्गदर्शन उन्हें जनसेवा के कार्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
वहीं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के मार्गदर्शन में क्षेत्र के समग्र विकास और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन के साथ मिलकर निरंतर कार्य किया जाएगा।
मुलाकात के अंत में कांग्रेस नेतृत्व ने दोनों नेताओं को भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।



