मोहर्रम को लेकर कपाली पुलिस सतर्क, ओपी प्रभारी ने किया जुलूस मार्ग का निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने शनिवार को पुलिस बल के साथ मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया और विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ओपी प्रभारी ने कपाली क्षेत्र के विभिन्न जुलूस मार्गों का भ्रमण कर संभावित संवेदनशील स्थलों का आकलन किया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों और आयोजन समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, जिसे सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

पुलिस ने जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने, सड़क पर अनावश्यक सामग्री नहीं रखने तथा मार्ग में वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है, ताकि जुलूस के दौरान आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को सफल बनाने में योगदान देने की अपील की है।

Share This Article