चांडिल, 20 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना परिसर में आगामी शहादत का पर्व मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार, थाना प्रभारी संतन तिवारी, मोहर्रम जुलूस कमेटी के सदस्य, पुलिस पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने कहा कि इमाम हुसैन ने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनकी शहादत सत्य, न्याय और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि इमाम हुसैन के बताए आदर्शों और संदेशों को आत्मसात करते हुए मोहर्रम मनाएं तथा आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखें।
वहीं थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा। जुलूस शाम पांच बजे शुरू होगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जुलूस के दौरान चांडिल बाजार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मोहर्रम जुलूस कमेटी की ओर से 25 स्वयंसेवकों (वोलेंटियर्स) की तैनाती की जाएगी, जो लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में रहकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने डैम रोड में अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम, नालियों की सफाई एवं अन्य नागरिक समस्याओं को भी उठाया। इस पर पुलिस अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण संदेश प्रसारित करने वालों के साथ-साथ ऐसे संदेशों को साझा करने वाले लोगों पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में संलिप्त या संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रशासन की विशेष नजर है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है।