
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा पर गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित, स्वरोजगार और महिला सशक्तीकरण को मिला बढ़ावा
धालभूमगढ़, 19 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ प्रखंड में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं स्वीकृति प्रमाण पत्रों का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान अबुआ आवास योजना के तहत 15 लाभुक परिवारों को नए घर में गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 37 लाभुकों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। सर्वजन पेंशन योजना के तहत 10 लाभुकों को पेंशन स्वीकृति का लाभ मिला, जबकि 28 लाभुकों को मुद्रा ऋण उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के तहत 57 सखी मंडलों को कुल 67 लाख रुपये का सांकेतिक चेक सौंपा गया। इससे स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के माध्यम से आवास, पेंशन, स्वरोजगार, महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। मौके पर धालभूमगढ़ की प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



