ईचागढ़ अंचल कार्यालय का निरीक्षण, 15 दिनों में प्रगति लाने का निर्देश
ईचागढ़, 12 जून : सरायकेला-खरसावां के अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार ने शुक्रवार को ईचागढ़ अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अंचल कर्मियों के साथ बैठक कर लगान वसूली, पंजी-2 के संधारण एवं सुधार तथा अर्जित भूमि से जुड़े नामांतरण मामलों की प्रगति का जायजा लिया।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर के अनुरूप नहीं है। इस पर अपर उपायुक्त ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं भूमि अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अपर उपायुक्त ने लगान वसूली में तेजी लाने, पंजी-2 के अद्यतन एवं सुधार कार्य को गति देने तथा अर्जित भूमि से संबंधित लंबित नामांतरण मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने इन तीनों क्षेत्रों में 15 दिनों के भीतर उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने को कहा तथा निर्धारित अवधि के बाद अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आम नागरिकों से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।
अपर उपायुक्त ने कहा कि अभिलेखों के अद्यतनकरण, राजस्व संग्रहण में वृद्धि और भूमि संबंधी मामलों के शीघ्र निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। नियमित समीक्षा और सतत अनुश्रवण के माध्यम से राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर, पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।