उपायुक्त ने बायोमीट्रिक अटेंडेंस नहीं देने वाले शिक्षकों के वेतन पर रोक का दिया निर्देश

सरायकेला, 10 दिसंबर : समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मौके पर उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा FLN मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति पर जोर दिया। उन्होंने सभी शिक्षकों को बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि अनुपस्थित या बायोमीट्रिक अटेंडेंस नहीं देने वाले शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी।
बैठक में विद्यालयों में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर, आधार नामांकन, ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति तथा समग्र शिक्षा अंतर्गत निर्माण एवं मरम्मति कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नामित विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, विद्यार्थियों की काउंसलिंग तथा अभिभावकों के बीच जागरूकता बढ़ाने हेतु सतत प्रयास किए जाएं।
उन्होंने किशोरियों को सवित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ने, UDISE Entry में तेजी लाने तथा शिक्षा व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और योजनाओं का समय पर लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित सभी BEEO, BPO, CRP व BRP उपस्थित रहे।



