महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर मानगो गांधी मैदान में श्रद्धांजलि, बन्ना गुप्ता ने किया नमन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर मानगो गांधी मैदान में श्रद्धांजलि, बन्ना गुप्ता ने किया नमन

 

जमशेदपुर, 30 जनवरी : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा और सम्मान के साथ पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के साथ उपस्थित रहे और राष्ट्रपिता को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि 30 जनवरी का दिन देश के लिए गहरी संवेदना और आत्ममंथन का दिन है। आज हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर उनके चरणों में शत-शत नमन करने आए हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का बलिदान देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है और उनकी कुर्बानी सदैव अजर-अमर रहेगी।

बन्ना गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज विश्व के कोने-कोने में महात्मा गांधी के विचारों और सिद्धांतों को अपनाया जा रहा है। सत्य और अहिंसा का जो मार्ग राष्ट्रपिता ने दिखाया, वही आज भी मानवता को शांति, सद्भाव और सहअस्तित्व का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब गांधीजी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे वातावरण में शांति, श्रद्धा और राष्ट्रपिता के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Share This Article