
14.5 डिसमिल जमीन, मोटरसाइकिल और कई बैंक खाते फ्रीज, छह लोगों को जारी किया गया नोटिस
पुरुलिया, 08 नवंबर : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुरुलिया पुलिस ने अब कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए तस्करी से अर्जित कथित अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े एक मामले में आर्थिक कार्रवाई करते हुए 14.5 डिसमिल जमीन, एक मोटरसाइकिल और कई बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियां भी जांच के दायरे में रहेंगी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बराबाजार थाना कांड संख्या 114/2026, दिनांक 26 जून 2026 से जुड़े मामले में की गई है। एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 15(सी) के तहत दर्ज इस मामले में अधिनियम की धारा 68एफ(1) के अंतर्गत संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया है।
इस संबंध में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के आनंदपुर थाना अंतर्गत तोरिया गांव में संबंधित छह व्यक्तियों को विधिवत नोटिस तामील कराया गया। इनमें गोपाल बाग उर्फ हरिपद बाग, उनके पुत्र सुवाजीत बाग और पुत्री प्रिया बाग के अलावा जमुना बाग, मिनती घोष बाग और आभा बाग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गोपाल बाग वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
कार्रवाई के तहत संबंधित चल एवं अचल संपत्तियों को चिह्नित किया गया है। इनमें जमीन, मोटरसाइकिल और विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि शामिल है। संपत्ति के हस्तांतरण, छिपाव या बिक्री को रोकने के उद्देश्य से संबंधित स्थानों पर फ्रीजिंग आदेश के नोटिस भी चिपकाए गए हैं।
दरअसल, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अब केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इस कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को भी निशाना बना रही है। इसी रणनीति के तहत कथित अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुरुलिया जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



