सरायकेला-खरसावां में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान शुरू, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

सरायकेला-खरसावां में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान शुरू, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण

सरायकेला, 30 जून : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरायकेला-खरसावाँ जिले में मंगलवार से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर एन्यूमरेशन (गणना) कार्य शुरू किया गया। इसके साथ ही मतदान केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एन्यूमरेशन कार्य और प्रारंभिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल वॉलंटियर्स (BLV) तथा मतदाताओं से बातचीत कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समयसीमा की भी जानकारी दी।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और बूथ लेवल वॉलंटियर्स को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रपत्रों का संग्रहण, सत्यापन और अन्य सभी प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से संपन्न होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, संशोधन करने और मृत, अपात्र या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह तथा गम्हरिया की प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहीं।

अभियान के पहले दिन जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल वॉलंटियर्स ने घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए। साथ ही मतदाताओं को नए नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन कराने तथा अपात्र, मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।

इसके अलावा जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को SIR-2026 अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रावधानों की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मियों का सहयोग करें तथा निर्धारित समय के भीतर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नागरिक निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article