ईचागढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चला जागरूकता अभियान, विधायक सविता महतो ने किया निरीक्षण
चांडिल, 30 जून : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मध्य विद्यालय, घोड़ानेगी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई और उन्हें मतदाता सूची को अद्यतन कराने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए लोगों से मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कराने तथा पात्र नागरिकों का नाम जुड़वाने की अपील की। कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, चांडिल, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बूथ लेवल एजेंट (BLA-1) एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, निर्धारित आवेदन प्रपत्र, आवश्यक दस्तावेज और समयसीमा की विस्तृत जानकारी दी। लोगों से अपने एवं परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम का सत्यापन कराने, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन कराने तथा मृत, अपात्र अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रपत्र संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) अथवा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) के माध्यम से जमा करने की अपील की गई।
इधर, अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के निर्देश पर जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी लिमिटेड, कुरली में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कर्मियों को SIR-2026 की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, नाम सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण, संशोधन एवं मतदाता सूची से नाम विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही सभी कर्मचारियों से समयबद्ध तरीके से अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराने का आग्रह किया गया।
प्रशासन ने बताया कि SIR-2026 से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नागरिक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
अंत में प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सक्रिय सहयोग की अपील की।