कुकडू : बेड़ासी सिरुम में जंगली हाथियों का तांडव, किसानों की धान की फसल बर्बाद — वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

Manbhum Updates
2 Min Read

कुकडू : बेड़ासी सिरुम में जंगली हाथियों का तांडव, किसानों की धान की फसल बर्बाद — वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

नीमडीह, 09 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड के बेड़ासी सिरुम गांव में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव के तपन महतो सहित कई किसानों के खेतों में लगी लहलहाती धान की फसलों को रौंद डाला, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, देर रात लगभग आधा दर्जन हाथियों का झुंड गांव के खेतों में घुस आया और घंटों तक फसल को रौंदता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला-खरसावां जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने वन विभाग के पदाधिकारियों से फोन पर बात कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने विभाग को तत्काल कार्रवाई करते हुए हाथियों को भगाने, प्रभावित किसानों को फसल क्षतिपूर्ति दिलाने तथा गांव में टॉर्च लाइट और पटाखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर रोक लगाने में नाकाम रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग केवल कागज़ी कार्रवाई में सक्रिय है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा।

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने भी विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “हर बार किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं, लेकिन वन विभाग तब तक नहीं जागता जब तक बड़ा हादसा न हो जाए। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।”

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द हाथियों को आबादी क्षेत्र से हटाया जाए और फसल क्षति का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और रात होते ही लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

Share This Article