डोबो पुल कांड का दुखद अंत : स्वर्णरेखा नदी से मिला युवती का शव, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर, 3 अगस्त : स्वर्णरेखा नदी में कूदने वाली युवती सुमित्रा प्रमाणिक की तलाश आखिरकार रविवार सुबह समाप्त हुई, लेकिन बेहद दुखद मोड़ के साथ। जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरलुग के पास नदी के पत्थरों के बीच फंसा हुआ उसका शव बरामद किया गया।
सुमित्रा प्रमाणिक, जो जमशेदपुर के भुइयांडीह की रहने वाली थीं, 1 अगस्त को सोनारी थाना क्षेत्र स्थित डोबो पुल से नदी में छलांग लगा दी थीं। घटना के बाद से ही पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई थी।
रविवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों की नजर नदी में एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुँची और शव की पहचान की, बाद में पुष्टि हुई कि शव सुमित्रा प्रामाणिक का ही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
हालांकि, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई गहरी साजिश तो नहीं।
पुलिस परिजनों और जानने वालों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर सुमित्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। क्या मानसिक तनाव इसका कारण था या कोई और कारण छिपा है — यह आनेवाली जांच रिपोर्ट और पूछताछ से स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल, शहर में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, और लोगों में शोक एवं संवेदना का माहौल है।



