सफाई मित्रों के सम्मान से खिले चेहरे, अध्यक्ष बोले—सुरक्षा सम्मान से भी ज्यादा जरूरी
सरायकेला, 30 सितंबर : स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सरायकेला टाउन हॉल में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सफाई मित्रों के चेहरे खिल उठे और उनमें उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। कोरोना काल से लेकर भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की ठंड जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी सफाई मित्रों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान जरूरी है, लेकिन उनकी सुरक्षा सम्मान से भी ज्यादा जरूरी है। नगर पंचायत सफाई मित्रों के सम्मान के साथ उनकी सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने सफाई मित्रों से कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी।”
अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर सरायकेला के निर्माण में सफाई मित्रों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। उनके श्रम और मेहनत के बिना शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना संभव नहीं है। ऐसे में उनके सम्मान के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं। उनके योगदान को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है। नगर पंचायत उनके हितों और सुरक्षा को लेकर लगातार कार्य कर रही है।
शिविर के दौरान सफाई मित्रों को सम्मानित करने के साथ ही सुरक्षित तरीके से कार्य करने को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद शांति गोड़सेरा एवं सुषमा तियू, नगर प्रबंधक देवाशीष प्रधान सहित नगर पंचायत के कई कर्मी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र मौजूद रहे।



