तंत्र-मंत्र के नाम पर 20 लाख की ठगी : प्रयागराज के युवक के खिलाफ आदित्यपुर में मामला दर्ज, पीड़ित ने की न्याय की मांग

सरायकेला/आदित्यपुर, 03 अगस्त : तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर इलाज का दावा कर एक युवक ने आदित्यपुर निवासी से करीब 20 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 21 निवासी अमरनाथ सिंह ने प्रयागराज निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। अमरनाथ सिंह का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने खुद को “आशुतोष नायक” नाम से पहचान देते हुए टीवी चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए गंभीर बीमारियों के इलाज का दावा किया था।
चार वर्षों तक लगातार ठगी
आरोप है कि वर्ष 2020 से 2024 तक उक्त व्यक्ति ने अमरनाथ सिंह की पत्नी चम्पा देवी को झांसे में लेकर पूजा-पाठ और अन्य आध्यात्मिक उपायों के नाम पर करीब 20,10,000 रुपये की ठगी कर ली। यह राशि विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए भेजी गई थी। पीड़ित परिवार ने संबंधित खातों की पूरी जानकारी और लेन-देन का विवरण पुलिस को सौंपा है।
खाते सीज करने की मांग
अमरनाथ सिंह ने आवेदन में मांग की है कि आरोपी के बैंक खातों को अविलंब ब्लॉक किया जाए, ताकि किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो सके। साथ ही उन्होंने आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि उन्हें न्याय मिल सके और ठगी गई राशि की वापसी सुनिश्चित हो।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच के साथ बैंक से भी समन्वय किया जा रहा है।
इस मामले ने फिर एक बार यह चेतावनी दी है कि अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के झांसे में आकर लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। पुलिस आम जनता से अपील कर रही है कि ऐसे झूठे दावों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें।


