चांडिल में रोजगार मेला का आयोजन, 669 पदों के लिए 171 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल, 13 अप्रैल : सरायकेला-खरसावाँ जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत गांगुडीह फुटबॉल मैदान में सोमवार को नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, चांडिल के तत्वावधान में एक भव्य रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रोजगार पाने को लेकर उत्साह दिखाया।
रोजगार मेले में कुल 15 प्रतिष्ठित स्थानीय एवं क्षेत्रीय संस्थानों ने भाग लिया, जिनमें ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, रेनोविजन एक्सपोर्ट्स, जमना ऑटो, पूर्णिमा नेत्रालय, नरसिंह इस्पात, कोल्हान माइंस एंड मिनरल्स, बजरंग इंडस्ट्रियल सिक्योरिटीज, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटननेक्सा सर्विसेज, यूनिक सोलुशन, जेआईएस फाउंडेशन, अथर्व ऑटोमोबाइल सहित अन्य संस्थान शामिल रहे।
इन कंपनियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के कुल 669 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए। इनमें कलेक्शन एंड क्रेडिट कंट्रोल, नर्स, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, ओपीडी असिस्टेंट, फिटर, लैब असिस्टेंट, सुपरवाइजर, ट्रेनी, वेल्डर, फैब्रिकेटर, प्लाज्मा सीएनसी, रोबोटिक्स, वीएमसी ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, इलेक्ट्रीशियन, फोर व्हीलर सर्विस और असिस्टेंट ट्रेनर जैसे पद शामिल थे। साक्षात्कार के बाद कुल 171 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि नियोजनालय द्वारा नियमित रूप से रोजगार शिविर एवं मेले आयोजित किए जाते हैं, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने जिले के सभी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से अपील की कि वे आगामी रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोजगार मेला की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निशुल्क है।
इस अवसर पर यंग प्रोफेशनल रवि प्रकाश सिंह, प्रीतोश कुमार, सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के सभी कर्मी एवं विभिन्न संस्थानों के एचआर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article