रडगांव-द्वारसीनी के बीच पलाश वन में डेरा जमाए 11 हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में उत्सुकता

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रडगांव-द्वारसीनी के बीच पलाश वन में डेरा जमाए 11 हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में उत्सुकता

ईचागढ़, 04 जून : क्षेत्र में 11 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से आसपास के गांवों में हलचल बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार सभी हाथी हडामलोहर की ओर से होते हुए ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के देवलटांड के सामने स्थित आम बागान में पहुंचे थे। हाथियों के झुंड ने रात आम बागान में बिताई और सुबह होते ही गांव की दिशा में आगे बढ़ गए।
सुबह के समय हाथियों का झुंड रडगांव और द्वारसीनी के बीच स्थित पलाश वन में पहुंचकर डेरा जमा लिया। झुंड में तीन शावक (बच्चे हाथी) भी शामिल हैं, जिसके कारण वन विभाग और ग्रामीण विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।
हाथियों के क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उन्हें देखने के लिए पलाश वन के आसपास जुट गए। हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि भीड़ या शोर-शराबे से हाथी आक्रामक हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों को सतर्क करने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों को हाथियों के आवागमन वाले क्षेत्र में अनावश्यक रूप से नहीं जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share This Article