पुल निर्माण कर रहे संवेदक से रंगदारी मांगने के आरोप में सात अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

Manbhum Updates
3 Min Read

पुल निर्माण कर रहे संवेदक से रंगदारी मांगने के आरोप में सात अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

खरसावां, 13 अप्रैल : खरसावां थाना क्षेत्र के आमदा ओपी अंतर्गत पिताकलाग में पुल निमार्ण कंपनी के साईट पर काम जारी रखने के लिए मुंशी से रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने सात आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 03 अप्रैल को करीब 06 अज्ञात लोगों के द्वारा साईट पर उपस्थित मुंशी और काम कर रहे लोगों को धमकाने एवं साईट इंचार्ज और मुंशी को फोन पर जंगल का आदमी के नाम पर काम चालु रखने के लिए पांच लाख रुपये रंगदारी/लेवी का मांग की गई। इस संबंध में खरसावां थाना मामला दर्ज कराया गया था।

घटना को गंभीरता से लेने हुए जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने इसके त्वरित उद्भेदन एवं संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया था। गठित टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय आसूचना के आधार पर घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त 07 अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास धमकी देने के लिए प्रयुक्त दो मोबाईल फोन समेत कुल 9 मोबाइल, दो सीम, एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो गोली और तीन बाईक को जप्त किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में खरसावां थाना क्षेत्र के घोड़ासाई निवासी 35 वर्षीय मो एहसान अंसारी, कुचाई थाना क्षेत्र के बायडीह निवासी 35 वर्षीय शमीर सामड़, खरसावां थाना क्षेत्र के कदमडीहा के रहने वाले 30 वर्षीय मो मोदासीर अंसारी, कुचाई थाना क्षेत्र के रायसिंदरी के रहने वाले 38 वर्षीय रविन्द्र हाईबुरू, खरसावां थाना के आमदा ओपी क्षेत्र अंतर्गत खमारडीह के रहने वाले 25 वर्षीय चंद्रमोहन बांकिरा उर्फ पांडु, खरसावां थाना के आमदा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कृष्णापुर निवासी 30 वर्षीय दुर्गा चरण चाकी उर्फ राजन और खरसावां थाना क्षेत्र के कुम्हारशाही निवासी 24 वर्षीय असीम बारिक शामिल हैं।

बताया गया कि कांड में गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व का अपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट, अपहरण कर हत्या करने जैसे गंभीर अपराध में जेल जा चुके है। गिरफ्तार अभियुक्त मो एहसान अंसारी के खिलाफ धनबाद और बरवाड्डा थाना में एक-एक मामला दर्ज है। वहीं चंद्रमोहन बांकिरा उर्फ पांडु पर सिनी रेल थाना और खरसावां थाना में मामला दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त शमीर सामड़ के खिलाफ कुचाई थाना में दो और खरसावां थाना में एक मामला दर्ज है।

Share This Article