ईचागढ़ में अवैध बालू ढुलाई पर JLKM की आपत्ति, पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल

सरायकेला, 25 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध बालू परिवहन की बढ़ती गतिविधियों को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने सोमवार को उपायुक्त को आवेदन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि जिले के सभी बालू घाट सरकारी रिकॉर्ड में ‘Lapse’ की स्थिति में हैं, फिर भी इचागढ़ थाना क्षेत्र में रात के समय हाईवा वाहनों से बालू ढुलाई जारी है, जिससे राज्य सरकार को राजस्व नुकसान हो रहा है।
JLKM जिला अध्यक्ष दीपक महतो ने आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता से अवैध खनन के लिए माहौल तैयार हुआ है। संगठन के अनुसार, यदि सभी घाट अवैध श्रेणी में हैं तो भारी वाहन कैसे और किसकी अनुमति से परिवहन कर रहे हैं, यह गंभीर जांच का विषय है।
आवेदन में 18 नवंबर की उस घटना का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें JLKM के प्रतिनिधि तरुण महतो पर पुलिस द्वारा कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। संगठन का दावा है कि तरुण महतो ग्रामीणों के साथ अवैध बालू लदे वाहनों को रोकने में पुलिस की सहायता कर रहे थे, लेकिन उल्टे उन्हें रात में थाने ले जाकर मारपीट की गई और बाद में झूठे मामले में जेल भेजा गया। JLKM ने इसे “अनुचित और अस्वीकार्य” बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को JLKM कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना दिया। संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अवैध खनन पर रोक और पुलिस की कार्यवाही की जांच जल्द नहीं हुई, तो केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो के नेतृत्व में बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
JLKM ने जिला प्रशासन से अवैध बालू परिवहन रोकने, पुलिस की भूमिका की जांच करने और तरुण महतो सहित प्रभावित ग्रामीणों को न्याय दिलाने की मांग की है। संगठन ने कहा कि स्थिति में सुधार न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।



