
रसगुल्ला को अधिक सफेद बनाने में हाइड्रो के इस्तेमाल का मामला आया सामने, अखबार में मिठाई रखने पर आदर्श और गोपाला स्वीट्स को चेतावनी
आदित्यपुर, 07 नवंबर : दीपावली एवं आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आदित्यपुर क्षेत्र की विभिन्न मिठाई दुकानों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अंबा स्वीट्स में करीब 10 किलोग्राम बासी एवं खराब मिठाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
जांच के दौरान अंबा स्वीट्स में रसगुल्ला को अधिक सफेद बनाने के लिए हाइड्रो (Hydro) के इस्तेमाल का मामला भी सामने आया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को इसका इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी और भविष्य में ऐसी अनियमितता मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
वहीं, आदर्श स्वीट्स और गोपाला स्वीट्स में मिठाइयों को रखने एवं ढकने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभागीय टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को तत्काल इस प्रथा को बंद करने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान मिठाइयों में इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य रंगों की भी जांच की गई। जांच में रंग अनुमत खाद्य रंग पाए गए। हालांकि, दुकानदारों को निर्धारित मानकों एवं अनुमत मात्रा के अनुसार ही रंगों का इस्तेमाल करने तथा औद्योगिक रंगों से पूरी तरह परहेज करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण की व्यवस्था, सैनिटेशन और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की भी जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पर्व-त्योहारों के दौरान बासी, खराब, मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं होनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में मिठाई दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी।



