गज परियोजना के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं : सुकलाल पहाडिया 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गज परियोजना के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं : सुकलाल पहाडिया 

चांडिल, 28 सितंबर : एशिया प्रसिद्ध दलमा वन्य प्रणी आश्रयणी में वन विभाग द्वारा विकास योजनाओं का दिखावा कर लगभग एक एकड़ भूमि पर हजारों साल के कीमती पेड़ों की अवैध कटाई की गई है। यह अपराध सिर्फ पर्यावरण के खिलाफ नहीं, बल्कि हमारी पीढ़ियों के भविष्य के साथ भी विश्वासघात है। विकास के नाम पर यह ग्रामीणों के साथ सिर्फ धोखा है। दलमा सेंचुरी क्षेत्र में चल रहे तथाकथित “गज परियोजना” के खिलाफ ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराया है। उक्त बातें दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच कोल्हान के सुकलाल पहाडिया ने कही। उन्होंने कहा कि साल पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर निजी स्वार्थ के लिए हरा-भरा जंगल उजाड़ा गया है।

सुकलाल पहाड़िया ने मांग किया कि पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराया जाए, कटे पेड़ों का पूरा हिसाब डीएफओ जनता को दें, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और भविष्य में बिना ग्रामसभा की सहमति से एक भी पेड़ न काटा जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों की मांगें नहीं मानी जाती हैं, तो मजबूरन सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि विभाग का विकास के नाम पर किया गया वादा झूठा निकला। दलमा के आबादी वाले क्षेत्र में सड़कें आज भी बदहाल हैं। इस अवसर पर गुरूचरण कर्मकार, शक्तिपद हांसदा, मंगल मार्डी समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article