पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी, त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश – सरस्वती पूजा व गणतंत्र दिवस के मद्देनजर अलर्ट मोड में पुलिस, अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी, त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश – सरस्वती पूजा व गणतंत्र दिवस के मद्देनजर अलर्ट मोड में पुलिस, अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर

सरायकेला, 21 जनवरी : जिले में अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

अपराध गोष्ठी में आगामी सरस्वती पूजा एवं गणतंत्र दिवस को लेकर जिले में सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण पर विशेष विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दिसंबर माह में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित कांडों के शीघ्र उद्भेदन एवं निष्पादन हेतु थानावार लक्ष्य निर्धारित किया गया। जनवरी माह में अधिकाधिक कांडों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान अफीम की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर चल रहे जागरूकता सह सत्यापन अभियान की समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने तथा सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपराध नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था एवं पुलिस की दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रहरी पहल’ की समीक्षा करते हुए संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मादक एवं नशीले पदार्थों, ब्राउन शुगर तथा अवैध शराब की बिक्री के विरुद्ध चल रहे अभियानों को और तेज करने का निर्देश दिया गया। एनडीपीएस एक्ट के मामलों में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध PIT NDPS एवं निगरानी प्रस्ताव भेजने को कहा गया।

बैठक में बलात्कार एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन 05 दिनों के अंदर पूर्ण करने, डायल 112 के तहत प्राप्त शिकायतों पर 10 मिनट के अंदर त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित करने सहित कई अहम निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि दिसंबर माह में जिले का डायल 112 औसत रिस्पांस टाइम 8 मिनट 51 सेकंड रहा।

इसके साथ ही साइबर अपराध, पुराने लंबित कांड, वारंट-कुर्की, CCTNS में रियल टाइम एवं गुणवत्तापूर्ण डेटा प्रविष्टि, अवैध खनन पर रोक, ई-साक्ष्य ऐप के उपयोग एवं अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए त्वरित निष्पादन पर बल दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share This Article