धनबाद : सिंह मेंशन पर देर रात बम धमाके, बाइक सवारों की दहशतगर्दी से सहमा इलाका

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धनबाद : सिंह मेंशन पर देर रात बम धमाके, बाइक सवारों की दहशतगर्दी से सहमा इलाका

धनबाद, 02 फ़रवरी : कोयलांचल की शांति को रविवार देर रात उस वक्त जोरदार झटका लगा, जब बाइक सवार अपराधियों ने सिंह मेंशन परिसर को बम धमाकों से दहला दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो पहिया वाहन पर सवार अपराधी तेज रफ्तार में मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के एक के बाद एक दो बम फेंके। पहला बम सिंह मेंशन के मुख्य गेट के अंदर गिरा, जबकि दूसरा गेट के बाहर फेंका गया। कुछ ही पलों में हुए धमाकों की तेज आवाज से आसपास के मकान कांप उठे और लोग घबराकर बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बमबाजी के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और भारी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। बम निरोधक दस्ते को भी सतर्क किया गया है, वहीं घटनास्थल से विस्फोट के अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या दहशत फैलाने की मंशा को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। नागरिकों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article