JPSC-JSSC परीक्षा में धांधली के खिलाफ AIDSO ने चांडिल में की नुक्कड़ सभा, 10 अगस्त के विधानसभा घेराव में छात्रों से जुटने की अपील

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

JPSC-JSSC परीक्षा में धांधली के खिलाफ AIDSO ने चांडिल में की नुक्कड़ सभा, 10 अगस्त के विधानसभा घेराव में छात्रों से जुटने की अपील

चांडिल, 9 अगस्त :JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितता और धांधली के खिलाफ ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की सरायकेला-खरसावां जिला कमिटी ने रविवार को चांडिल चौक बाजार में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। सभा के माध्यम से संगठन ने रांची में आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में एकजुटता जताते हुए सरकार से परीक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए AIDSO के जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो ने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 16 दिनों से बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि AIDSO आंदोलनरत छात्रों के साथ मजबूती से खड़ा है और सरकार ने यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो संगठन भी आंदोलन को और तेज करेगा।

संगठन ने JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इसके अलावा झारखंड सरकार से सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का परीक्षा कैलेंडर अविलंब जारी करने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने तथा अनियमित परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने की मांग की गई।

AIDSO नेताओं ने कहा कि आगामी 10 अगस्त को छात्रों द्वारा प्रस्तावित विधानसभा घेराव में संगठन सक्रिय रूप से भाग लेगा। उन्होंने स्कूल-कॉलेज के छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।

नुक्कड़ सभा के दौरान संगठन ने केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 को वापस लेने और NTA को रद्द करने की भी मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े परीक्षा तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो, जिला सचिव युधिष्ठिर प्रामाणिक, उपाध्यक्ष कार्तिक गोप, प्रभात कुमार महतो, खुशी पोद्दार, पूजा कुमारी, राजा प्रामाणिक, समीर महतो, तरुण महतो, हरिपाल महतो, कृष महतो, वरुण महतो समेत संगठन के अन्य सदस्य मौजूद थे।

Share This Article