एआईडीएसओ ने अनुमंडल पदाधिकारी के मार्फत आदिवासी कल्याण मंत्री को भेजा पत्र
चांडिल, 10 अक्टूबर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन सरायकेला खरसावां जिला कमेटी का प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल के माध्यम से राज्य के आदिवासी कल्याण मंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार के आपसी विवाद का दुष्प्रभाव विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में पढ़ रहे यूजी, पीजी, बीएड, लॉ, बीटेक, फार्मेसी के विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। छात्रवृति का लंबे समय से इंतजार कर रहे छात्रों को सत्र 2024 – 25 का छात्रवृति अब तक नहीं मिल पाया है। पिछले 2-3 वर्षों से झारखंड की छात्रवृत्ति व्यवस्था चरमरा गई है।
विगत 5 वर्षों में जहां नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के वेतन और सुविधाओं में 2 से 3 गुना की वृद्धि हुई है। वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों को उनकी छात्रवृत्ति मिलने में 1 से 2 वर्ष की प्रतीक्षा करना पड़ रहा है। वर्तमान में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पढ़ाई आरंभ हो चुकी है, जिसके अनुरूप छात्रवृत्ति का फॉर्म भरवाना शुरू हो जाना चाहिए था। लेकिन विडंबना है कि अभी तक सत्र 2024-25 की छात्रवृत्ति केवल 10 प्रतिशत विद्यार्थियों को ही मिल पाई है।
झारखंड के विधायकों और अधिकारियों को उनका वेतन तो समय पर मिल जा रहा है, लेकिन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने में अत्यधिक विलंब होने कारण कहीं विलंब शुल्क लग रहा है तो कहीं उन्हें परीक्षा देने से वंचित किया जा रहा है। छात्र संगठन एआईडीएसओ ने सभी लंबित छात्रवृत्तियों का शीघ्र भुगतान करने, सत्र 2025 – 26 छात्रवृत्ति फार्म भरना शुरू करने और छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो के अलावा कार्यालय सचिव युधिष्ठिर प्रमाणिक, जिला कमेटी सदस्य राजा प्रमाणिक, समीर कुमार महतो, सत्यजीत प्रमाणिक, रोहित प्रमाणिक, बुधन प्रमाणिक, राजीव महतो, राहुल महतो, कार्तिक महतो आदि विद्यार्थी शामिल थे।