आजीविका योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, महिला आय-वृद्धि पर प्रशासन का फोकस

सरायकेला, 17 मार्च : जिले में महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन को लेकर प्रशासन ने गति तेज कर दी है। इसी क्रम में समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला आजीविका समन्वय समिति (DLCC) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वयं सहायता समूह (SHG) और क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इन समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर उसे निर्धारित समय-सीमा में लागू किया जाए। साथ ही महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए आजीविका से जुड़ी गतिविधियों हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया।
उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को ऋण योजनाओं से जोड़ने पर बल देते हुए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। बैठक में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
SHG गठन, क्रेडिट लिंकेज, मुद्रा लोन, आईसीटी आधारित प्रशिक्षण और ऋण वितरण की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने नॉन-फार्मिंग गतिविधियों और कैश क्रेडिट लिंकेज में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
बैंकिंग स्तर पर लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को सभी शाखाओं को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वित और परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य करना होगा।



