
डेमडूबी के अंसार नगर में विधायक सविता महतो ने किया स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, मुफ्त जांच और दवाइयों के साथ मिलेगी प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा
कपाली, 12 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। नगर परिषद के वार्ड संख्या-1 अंतर्गत डेमडूबी के अंसार नगर में गुरुवार को शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया गया। इचागढ़ की विधायक सविता महतो, कपाली नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम और उपाध्यक्ष सावन उर्फ सिटू ने नगर परिषद के पार्षदों की उपस्थिति में संयुक्त रूप से फीता काटकर स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि कपाली नगर परिषद क्षेत्र में यह दूसरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर है। इसके निर्माण पर लगभग 36 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों को अपने आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा मिल सकेगी। यहां मरीजों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सक और एक एएनएम की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। केंद्र का संचालन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
विधायक ने आगे बताया कि कपाली नगर परिषद क्षेत्र में दो अन्य स्थानों को भी चिह्नित किया गया है, जहां भविष्य में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को उनके घरों के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के शुरू होने से कपाली के लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और जरूरी दवाइयों के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
ये रहे उपस्थित: उद्घाटन समारोह में वार्ड पार्षद संतोष कुमार महतो, मोहम्मद इजाज अंसारी, पूजा कुमारी महतो, अंजना सिंह सरदार, रजिया मंजर, उषाडून बीबी, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, चांडिल पूर्वी मंडल अध्यक्ष राहुल मंडल, झारखंड मुक्ति मोर्चा के अल्पसंख्यक अध्यक्ष शेख फरीद, उपाध्यक्ष मोहम्मद अरशद, बुद्धेश्वर महतो और नगर अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन समेत अन्य लोग उपस्थित थे।