
बलरामपुर पुलिस ने बेला गांव के गोदाम में हुई चोरी की वारदात सुलझाई, जगन्नाथ दास के घर से चोरी के सभी सामान बरामद
पुरुलिया, 12 नवंबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की बलरामपुर पुलिस ने गोदाम में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब सात लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए साउंड मिक्सिंग मशीन, महंगे स्पीकर, लाइट्स और अन्य लाइटिंग उपकरण बरामद कर जब्त किए हैं। चोरी की गई पूरी संपत्ति जगन्नाथ दास के घर से बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर 2026 की रात बलरामपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव स्थित एक गोदाम को निशाना बनाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। गोदाम से महंगी साउंड मिक्सर मशीनों के साथ विभिन्न प्रकार के लाइटिंग उपकरण और स्पीकर चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक सुभदीप पाल ने पुलिस अधिकारियों एवं सशस्त्र बल के सहयोग से छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेला गांव निवासी समीर दास (पिता शिशिर दास) और श्यामनगर गांव निवासी जगन्नाथ दास (पिता सुभाष दास) के रूप में हुई है। दोनों बलरामपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके खुलासे के आधार पर जगन्नाथ दास के घर छापेमारी की गई, जहां से चोरी किए गए सभी उपकरण बरामद कर लिए गए। बरामद सामानों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब सात लाख रुपये बताया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें गुरुवार को विधिवत न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने चोरी की इस बड़ी वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करने का दावा किया है।
पुरुलिया से सिद्धार्थ सेन की रिपोर्ट, मानभूम अपडेट।