हाथियों के आतंक से दहशत में ग्रामीण, सोते परिवार पर किया हमला – खिड़की से भागकर मां-बेटे ने बचाई जान

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

 

पारगामा में जंगली हाथियों ने घर को किया पूरी तरह क्षतिग्रस्त, पीड़ित परिवार से मिले भाजपा नेता खगेन महतो – वन विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल

 

कुकड़ू, 12 नवंबर : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों के झुंड लगातार ग्रामीणों के घरों और खेतों को निशाना बना रहे हैं। इससे ग्रामीणों के सामने जान-माल की सुरक्षा का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वन विभाग के तमाम दावों के बावजूद हाथी प्रभावित गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।

ताजा घटना कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव की है। बीती रात जंगली हाथियों ने जीतू महतो के घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय घर के अंदर जीतू महतो की पत्नी और बेटा सो रहे थे। अचानक हाथियों के हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। मां-बेटे ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की के रास्ते घर से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हालांकि, हाथियों ने घर को भारी नुकसान पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार दोपहर भाजपा नेता खगेन महतो पीड़ित परिवार से मिलने पारगामा पहुंचे। उन्होंने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने के साथ टॉर्च लाइट और पटाखे उपलब्ध कराए। साथ ही वन विभाग के वरीय अधिकारियों से मिलकर पीड़ित परिवार को उचित क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान खगेन महतो ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में कई वर्षों से जंगली हाथियों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, लेकिन विभाग अब तक कोई ठोस कदम उठाने में विफल रहा है। हाथी प्रभावित गांवों में विभाग की क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया टीम) की सक्रियता और माइकिंग व्यवस्था का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्यों में हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विशेष टीम सक्रिय रहती है, लेकिन झारखंड में ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने वन विभाग से हाथी प्रभावित गांवों में प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

मौके पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष सुमन कुमार बनर्जी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष भरत चंद्र महतो, राकेश महतो, शशांकर महतो सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article