आदित्यपुर के शुभम सिंह ने कॉमर्स में लहराया सफलता का परचम, 456 अंक हासिल कर बने स्कूल के सेकेंड टॉपर

Manbhum Updates
2 Min Read

आदित्यपुर के शुभम सिंह ने कॉमर्स में लहराया सफलता का परचम, 456 अंक हासिल कर बने स्कूल के सेकेंड टॉपर

आदित्यपुर, 14 मई : सीबीएसई 12वीं परीक्षा में आदित्यपुर के आदित्य सिंडिकेट निवासी होनहार छात्र शुभम सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कॉमर्स संकाय में शुभम ने 500 में से 456 अंक प्राप्त कर 91.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने विद्यालय में सेकेंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
शुभम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई आदित्यपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से पूरी की है। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें क्रिकेट खेलना बेहद पसंद है। मैदान पर उनका उत्साह और पढ़ाई के प्रति अनुशासन, दोनों ही उनकी सफलता की कहानी बयां करते हैं।
शुभम के पिता श्रीराम सिंह व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। शुभम ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के प्रोत्साहन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
शुभम ने बताया कि उनका सपना आगे चलकर एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने का है। उन्होंने कहा कि वह पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।

मामा की खुशी भी देखने लायक

शुभम की इस शानदार सफलता से उनके मामा प्रकाश कुमार भी बेहद खुश हैं। प्रकाश कुमार दैनिक हिंदुस्तान अखबार में वरिष्ठ पत्रकार हैं और चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं। अपने भांजे की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्होंने शुभम को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शुभम की इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि शुभम ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

Share This Article