श्मशान घाट पर उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य का ग्रामीणों ने किया विरोध

Manbhum Updates
2 Min Read

 

चांडिल, 04 मई : उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण श्मशान भूमि पर किए जाने, निर्माण स्थल पर किसी प्रकार का बोर्ड नहीं लगाने, उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर ग्रामसभा नहीं किए जाने पर सोमवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए नाराजगी जाहिर किया। उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण सरायकेला – खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत कदमडीह के रांगाहाडी में किया जा रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप पहुंचकर विरोध किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि खाता संख्या 112, प्लॉट संख्या 273 में बनाया जा रहा उप स्वास्थ्य केंद्र दरअसल श्मशान घाट है। उक्त जमीन पर ग्रामीण पीढ़ी दर पीढ़ी मृतकों का अंतिम संस्कार करते रहे हैं। श्मशान घाट के निकट सरकारी भूखंड है, जहां उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया जा सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की सूचना न तो ग्रामीणों को दी गई है और न ही पंचायत के मुखिया को दी गई है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि निर्माण कार्य के लिए ग्रामसभा भी नहीं किया गया है।

इस संबंध में चांडिल पंचायत के मुखिया मनोहर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि इस पंचायत का निर्वाचित जन प्रतिनिधि होने के बावजूद इस संबंध में उन्हें किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर ग्रामसभा किया गया है। यहां तक की निर्माण स्थल पर कही भी इस योजना का शिलापठ भी नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस जमीन पर उप स्वास्थ्य केंद्र नहीं बनने देंगे, क्योंकि यह उनकी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है।

Share This Article