बढ़ेगी ठंड, शीतलहरी चलने की संभावना, रिमझिम फुहार ने बढ़ाई कनकनी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बढ़ेगी ठंड, शीतलहरी चलने की संभावना, रिमझिम फुहार ने बढ़ाई कनकनी

चांडिल, 01 दिसंबर : मौसम ने एक बार फिर करवट बदल लिया है। क्षेत्र में सोमवार को सुबह से ठंड का असर और तेज महसूस हुआ। चक्रवाती तूफान दित्वा के प्रभाव से आसमान में घने बादल छाया रहा। इसके कारण सूरज पूरे दिन कहीं नजर नहीं आया। बीच-बीच में होने वाली रिमझिम फुहार ने ठिठुरन और बढ़ा दी। हल्की बारिश और कनकनी भरी हवा से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सुबह काम पर जाने वाले लोग ठंड से कांपते दिखाई दिए। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ा।

दी जा रही एहतियात बरतने की सलाह

मौसम में बदलाव के साथ बाजारों में सामान्य दिनों के मुकाबले कम भीड़ देखने को मिली। चाय और समोसे की दुकानों पर गर्माहट की तलाश में लोग दिखाई दिए। कई जगह लोग अलाव जलाकर खुद को गर्म रखते दिखे। हवा के रुख में बदलाव के साथ ही शीतलहर चलने की संभावना भी जताई गई है। ठंडी पछुआ हवा के प्रभाव से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को सतर्क रहने, खासकर सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।

09 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो दिसंबर के बाद पारा तेजी से गिरेगा। अनुमान है कि इस दौरान सरायकेला-खरसावां जिले का न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिला में एक दिसंबर का तापमान अधिकतम 22 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस, दो दिसंबर को अधिकतम 27 और न्यूनतम 13, तीन दिसंबर को अधिकतम 28 और न्यूनतम 11, चार दिसंबर को अधिकतम 27 और न्यूनतम 09 तथा पांच दिसंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Share This Article