जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विकास का संकल्प दोहराया

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सरायकेला, 4 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिला स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को सरायकेला टाउन हॉल में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अभिनव प्रकाश के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने जिले की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों ने दर्शकों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रेरित भी किया।

मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में जिले के समग्र विकास के लिए सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने नागरिकों से अपने क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था के बिना विकास संभव नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय पुलिस रैंकिंग में जिले के चौका थाना को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि 25 वर्षों की उपलब्धियों का मूल्यांकन कर भविष्य की दिशा तय करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने पर बल दिया।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, लोक कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रंगोली, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि, विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्या, पद्मश्री सम्मानित छूटनी महतो व चामी मुर्मू सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article