
सिनी के धातकीडीह गांव में वारदात से पसरा मातम, घटना के बाद आरोपी बेटा फरार – पुलिस तलाश में जुटी
सराइकेला, 20 अक्टूबर : दशहरे के दिन जब लोग पर्व की खुशियां मना रहे थे, उसी दौरान सरायकेला-खरसावां जिले के सिनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह गांव में एक दर्दनाक वारदात सामने आई। यहां एक बेटे पर अपने ही बुजुर्ग पिता की हत्या करने का आरोप है। घटना में 58 वर्षीय अशोक कुमार नायक की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दशहरे के दिन अशोक कुमार नायक और उनके बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर बेटे ने धारदार हथियार से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अशोक नायक की अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी युवक घर से फरार हो चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना सिनी ओपी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिनी ओपी प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है। दशहरे के दिन हुई इस घटना से धातकीडीह गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।