
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का किया दौरा, श्रद्धालुओं से मिलकर दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं
कुकड़ू, 20 अक्टूबर : महानवमी के पावन अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड समेत आसपास के विभिन्न इलाकों में आयोजित दुर्गा पूजा समारोहों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मधुश्री महतो ने सिरुम-रुपरु, पंडरा, तिरुलडीह, बड़ालापांग, बेरासी, ईचाडीह, बाबूडीह, चौका, सोपादा और चौड़ा समेत विभिन्न स्थानों के दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर महानवमी एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मधुश्री महतो ने मां दुर्गा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से सभी लोगों के जीवन में खुशहाली आए और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सद्भाव कायम रहे।
उनके दौरे के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने भी पर्व के अवसर पर उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
इस मौके पर झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो, धनंजय कुमार, राजेश साव, गंगाधर महतो, अशोक कुमार महतो, प्राण कृष्ण महतो समेत विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य, कार्यकर्ता और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।