पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, खूंटी में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, खूंटी में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित

चांडिल, 21 फरवरी : पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शनिवार को मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, भारत माता एवं ओम् के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। ज्योति देवी, कल्पना रजक एवं देवंती देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

 

इस अवसर पर उपस्थित माताओं द्वारा भारत माता की आरती भी की गई। कार्यक्रम का संचालन श्री योग वेदांत सेवा समिति, जमशेदपुर के अभय कुमार बेहेरा ने किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री गणेश पूजन कर विधिवत मातृ-पितृ पूजन संपन्न कराया गया।

 

विद्यालय के भैया-बहनों ने अपने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सैकड़ों माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन अपने माता-पिता को प्रणाम करेंगे, उनके प्रति सदैव सम्मानजनक व्यवहार रखेंगे और संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रहण करेंगे।

 

बहन कृष्णली ने माता-पिता के सम्मान में भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया, जबकि अनुष्का पांडे ने माता-पिता के प्रति कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण श्रद्धा, भक्ति और भावनात्मक उल्लास से ओत-प्रोत रहा।

Share This Article