एनएच पर अवैध बालू परिवहन करते एक हाइवा जप्त, मामला दर्ज

चांडिल, 15 अक्टूबर : बालू के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला खनन विभाग की टीम ने मंगलवार की रात विशेष अभियान चलाया। विदित हो कि बालू के अवैध कारोबार के विरुद्ध जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाकर कार्रवाई कर रही है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निदेशानुसार चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान बुधवार की अहले सुबह खनन विभाग की टीम चांडिल थाना की पुलिस बल के साथ टाटा – रांची फोरलेन टोल रोड़ पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

निरीक्षण के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र के हुमिद के पास एनएच 33 पर एक हाइवा वाहन संख्या जेएच 01बीटी 8654 को अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। टीम ने वाहन को विधिवत जप्त कर चांडिल थाना को सुपुर्द किया गया। इस मामले में वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। उन्होंने खनन विभाग तथा सभी थानों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में नियमित रूप से संयुक्त टीम बनाकर औचक जांच अभियान चलाएं तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अवैध खनन पर नियंत्रण के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को सुनिश्चित करना है। आमजन से भी अपील की गई है कि अवैध खनन या परिवहन की किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या निकटतम थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



