शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि, बन्ना गुप्ता ने शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की

जमशेदपुर, 8 अगस्त 2025 : शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कदमा उलीयान स्थित समाधि स्थल पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर शहीद को नमन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बचपन में निर्मल महतो के आंदोलन को करीब से देखा है। दलित, शोषित और कमजोर वर्ग के हक में आवाज उठाने वाले निर्मल महतो हमारे लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत रहेंगे।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उनकी जन्मस्थली भी वीर शहीद निर्मल महतो की जन्मभूमि कदमा उलीयान है। उन्होंने कहा कि शहादत दिवस के इस मौके पर एक और अत्यंत दुःखद समाचार मिला कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हो गया है। उन्हें झारखंड का देवदूत बताते हुए उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड के निर्माण और जल, जंगल, जमीन की रक्षा में अमूल्य योगदान दिया है।
पूर्व मंत्री ने भारत सरकार से मांग की कि शिबू सोरेन को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए और उनके जीवन मूल्यों को एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां झारखंड आंदोलन के इतिहास और गुरुजी के योगदान से परिचित हो सकें।
वैश्वीकरण के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए गुप्ता ने कहा कि दुनिया के कई देश इसके कारण संकट में हैं, और भूगर्भीय जलस्तर गिर रहा है। ऐसे समय में जल, जंगल और जमीन की रक्षा ही पर्यावरण को बचा सकती है, और झारखंड की संस्कृति इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अंत में उन्होंने शहीद निर्मल महतो और दिशोम गुरु शिबू सोरेन दोनों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।



