सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त, जिले में 20 दुर्घटनाओं में 13 की मौत – अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
5 Min Read

सड़क हादसों पर प्रशासन सख्त, जिले में 20 दुर्घटनाओं में 13 की मौत – अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला, 26 सितंबर : जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट, अवैध पार्किंग, ओवरस्पीडिंग और क्षतिग्रस्त सड़कों समेत सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले माह जिले में 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 13 लोगों की मौत और नौ लोग घायल हुए। जिले में कुल 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। उपायुक्त ने इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा मानकों और सुधारात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सरायकेला-कांड्रा, सरायकेला-राजनगर, चांडिल, आदित्यपुर-गम्हरिया और चौका समेत प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित सघन जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। कांड्रा रेलवे ओवरब्रिज, कांड्रा चौक, अमलगम, आरकेएफएल और कोलाबिरा जैसे संवेदनशील स्थानों पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि परिवहन विभाग की कार्रवाई के दौरान अब तक 14.22 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए बाजार क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर अभी से अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। औद्योगिक संस्थानों के मुख्य द्वार और आसपास सड़क पर वाहनों के अनियमित रूप से खड़े रहने से होने वाली यातायात समस्या को देखते हुए संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने तथा नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी करने को कहा गया।

NH और राज्य राजमार्गों पर खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया। ऐसे स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से वाहनों को निर्धारित समय-सीमा में सड़क से हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार कर जागरूकता, निगरानी और प्रवर्तन अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए NH मार्गों पर स्पीड गन से जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्रंक एंड ड्राइव, गलत दिशा में वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में NHAI और JARDCL को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। चांडिल-चौका मार्ग की क्षतिग्रस्त सर्विस लेन और अन्य सड़क मरम्मत कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा गया। वहीं JARDCL को खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने तथा सरायकेला-कांड्रा और कांड्रा-गम्हरिया मार्ग पर CSR मद से लगी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।

कांड्रा से गम्हरिया के बीच मुख्य सड़कों पर पड़े कचरे की नियमित सफाई के लिए JARDCL को आदित्यपुर नगर निगम के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने और नियमित गश्ती सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने भारी वाहनों की अवैध पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय से सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। वाहन चालकों और आम लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।

Share This Article