अवैध खनन पर शिकंजा – जिले के संवेदनशील मार्गों पर लगेंगे चेकपोस्ट, 12 वाहनों से 13.45 लाख वसूले

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध खनन पर शिकंजा – जिले के संवेदनशील मार्गों पर लगेंगे चेकपोस्ट, 12 वाहनों से 13.45 लाख वसूले

सरायकेला, 26 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध उठाव और खनिज परिवहन पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में संवेदनशील मार्गों पर चेकपोस्ट स्थापित करने के साथ नियमित जांच और संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी ने 22 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक की कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके अनुसार इस अवधि में अवैध खनिज परिवहन के मामले में कुल 12 वाहनों को पकड़ा गया। इनमें एक ट्रैक्टर, छह हाइवा, तीन 407 वाहन और दो ईचर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 3000 सीएफटी बालू दर्ज की गई और कुल 13.45 लाख रुपये की राशि की वसूली की गई। इस दौरान एक प्राथमिकी/शिकायत भी दर्ज की गई।

उपायुक्त ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरने वाले प्रमुख मार्गों पर जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की निगरानी में चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया। चेकपोस्ट के माध्यम से संदिग्ध वाहनों की नियमित और सघन जांच करने तथा अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी निगरानी रखने को कहा गया।

उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों का उल्लंघन रोकने के लिए संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी, निरीक्षण और आवश्यक जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने खनन, परिवहन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।

बैठक में सभी अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सघन जांच अभियान चलाने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ संयुक्त छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। वर्षाकाल में नदी घाटों से बालू के अवैध उठाव और परिवहन की आशंका को देखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

Share This Article