बाघमुंडी में अवैध पोस्ता की खेती पर पुलिस एवं वन विभाग की पैनी नजर, ड्रोन से हुई निगरानी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुरुलिया, 30 अगस्त : अवैध पोस्ता की खेती के खिलाफ पुरुलिया जिला पुलिस ने कार्रवाई और निगरानी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को बाघमुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक क्षेत्र निरीक्षण के साथ ड्रोन से हवाई निगरानी की।

अभियान के दौरान बाघमुंडी वन क्षेत्र के रेंज अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों के साथ पुलिस की संयुक्त टीम ने बोरदा, बुकाड़ी, इच्छाकोटू, पारादरी सहित आसपास के इलाकों का जायजा लिया। टीम ने खेतों और संभावित संवेदनशील स्थानों का भौतिक निरीक्षण करने के साथ ड्रोन के जरिए ऊपर से भी निगरानी की।

पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कहीं भी अवैध रूप से पोस्ता की खेती होने की स्थिति में उसका समय रहते पता लगाना और उसे रोकना है। हालांकि, संयुक्त निरीक्षण और ड्रोन सर्विलांस के दौरान जांच किए गए किसी भी इलाके में अवैध पोस्ता की खेती नहीं मिली।

पुलिस और वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध पोस्ता की खेती की रोकथाम के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी आगे भी जारी रहेगी। ड्रोन सर्विलांस और जमीनी निरीक्षण के माध्यम से संभावित स्थानों पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि अवैध खेती शुरू होने से पहले ही उसकी पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन की इस संयुक्त पहल से साफ है कि पोस्ता की अवैध खेती को लेकर संबंधित विभाग सतर्क हैं और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की तैयारी है।

Share This Article