बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करेगा ‘पठन जागरूकता रथ’, डीसी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करेगा ‘पठन जागरूकता रथ’, डीसी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सरायकेला, 09 सितंबर : बच्चों में नियमित पठन की आदत विकसित करने, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने और जिले में पठन संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। बुधवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने ‘पठन जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और विद्यालयों तक पहुंचकर बच्चों को पठन आधारित गतिविधियों से जोड़ेगा।

पठन जागरूकता रथ के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों के लिए रोचक एवं आनंददायक पठन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों को उनकी आयु और रुचि के अनुरूप पुस्तकों से जोड़ने के साथ स्वतंत्र रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं, पढ़ी गई कहानियों और विषयों पर चर्चा के जरिए बच्चों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन का उद्देश्य पठन को केवल पाठ्यपुस्तकों और परीक्षा तक सीमित न रखते हुए बच्चों के सीखने और आनंद का हिस्सा बनाना है। नियमित पठन से बच्चों के शब्द-भंडार, भाषा की समझ, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास के विकास में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यालयों में सकारात्मक एवं आनंददायक पठन वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा।

यह पहल Foundational Literacy and Numeracy (FLN) के लक्ष्यों को मजबूत करने में भी सहायक होगी। विद्यालय स्तर पर नियमित पठन गतिविधियों के जरिए बच्चों के बुनियादी भाषा कौशल और सीखने की क्षमता को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में आशीष कुमार, Room to Read तथा आदर्श पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

Share This Article