आदित्यपुर में अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की कार्रवाई, पिकअप जब्त
आदित्यपुर, 09 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, बालू के भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को विभाग की टीम ने आदित्यपुर क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान एमटीसी, गम्हरिया के समीप अवैध रूप से बालू लदे एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया गया।
कार्रवाई के बाद जब्त वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए आदित्यपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया। विभाग द्वारा वाहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच एवं मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध कारोबार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन और खनन विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू परिवहन में लगे लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है।



