राजनगर के पांच मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची सत्यापन की समीक्षा, युवाओं को किया जागरूक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सोसोमली उच्च विद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब ने विद्यार्थियों को दी प्रपत्र-6 और मताधिकार की जानकारी

सरायकेला, 27 अक्टूबर : मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज कराने और नए मतदाताओं के पंजीकरण को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने राजनगर क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों पर सत्यापन कार्य की समीक्षा की। इस दौरान मतदान केंद्र संख्या 339, 371, 437, 441 और 439 पर होम-टू-रोल सत्यापन एवं प्रपत्र-6 संग्रहण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया।

समीक्षा के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों की पहचान और नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति पर ध्यान दिया गया। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया गया।

इसी क्रम में राजनगर के प्रोजेक्ट प्लस-2 उच्च विद्यालय, सोसोमली में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, प्रपत्र-6 के उपयोग और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मताधिकार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, SIR-2026 के तहत सुनवाई से संबंधित अभिलेखों की अपलोडिंग और प्राप्त प्रपत्रों के निष्पादन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विशेष रूप से नो-मैपिंग श्रेणी के मामलों के सुनवाई अभिलेख अपलोड करने तथा प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले प्राप्त प्रपत्रों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Share This Article