

चक्रवात ‘अर्णव’ का अलर्ट : पूर्वी सिंहभूम में दो दिन, सरायकेला-खरसावां में एक दिन बंद रहेंगे स्कूल
जमशेदपुर/सरायकेला, 27 अक्टूबर : चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में स्कूलों को लेकर एहतियाती आदेश जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले में 28 और 29 अक्टूबर को, जबकि सरायकेला-खरसावां जिले में केवल 28 अक्टूबर को स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। यह आदेश प्रवेश कक्षा से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णव’ के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका जताई गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज जोन में रखते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
जारी आदेश के तहत सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन स्थगित रहेगा। हालांकि, निजी विद्यालयों में यदि पहले से परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो उनके आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकेगा।
स्कूल आएंगे शिक्षक-शिक्षिकाएं
कक्षाओं में पठन-पाठन स्थगित रहने के बावजूद विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।



